Connect with us

Uttar Pradesh

गोरखपुर में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए CM योगी: 1200 बेटियों को दिया आशीर्वाद, कहा- यह मेरा सौभाग्य।

Published

on

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह गोरखपुर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए, जहाँ 1200 बेटियों का विवाह सम्पन्न हुआ। समारोह में पहुंचकर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों पर फूल बरसाए और आशीर्वाद दिया।

CM योगी ने कहा कि अब गरीब अभिभावकों को बेटियों की शादी को लेकर चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “जब कहीं एक घर में शादी होती है तो हम सभी शामिल नहीं हो पाते, लेकिन जब सामूहिक विवाह होता है, तो खुद मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक भी कन्यादान में भाग लेते हैं। यह हमारा सौभाग्य है।”

CM योगी ने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जहाँ न जाति का बंधन होता है और न क्षेत्र का। राज्य सरकार की पहल के तहत, कोई भी अपनी परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुसार पंजीकरण करा सकता है। जहां 10 या उससे अधिक जोड़े एकत्र होते हैं, वहां प्रशासन सामूहिक विवाह का आयोजन कराता है।

2017 से पहले 20 हजार मिलते थे, आज 1 लाख दे रहे

योगी ने कहा- 2017 से पहले समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति और जनजाति की बेटियों की शादी में मात्र 20 हजार रुपए दिए जाते थे। वो भी चेहरा देखकर दिया जाता था। सोचिए, 20 हजार में क्या कोई करेगा। ये धनराशि तब आती थी, जब शादी बीत चुकी होती थी। कभी-कभी तो सालभर बीत जाता था। आज तो वर-वधु के लिए कपड़े, गृहस्थी का सामान मिलता है। कन्या के खाते में 60 हजार रुपए की धनराशि जमा होती है। सरकार जेवर भी दे रही है।

24 लाख बेटियों के जन्म से स्नातक की पढ़ाई का जिम्मा लिया

योगी ने कहा- अब तक लगभग 24 लाख गरीब परिवारों की बालिकाओं को जन्म से लेकर स्नातक तक की 25 हजार रुपए का पैकेज उपलब्ध करा रहे हैं। बेटी जन्म लेगी तो रजिस्ट्रेशन होते ही उसके खाते में धनराशि आ जाएगी। बेटी एक साल की होगी तो उसके अकाउंट में पैसा आ जाएगा। बेटी जैसे ही पहली क्लास में जाएगी, पैसा अकाउंट में आ जाएगा। 5वीं क्लास पास करेगी, उसके अकाउंट में पैसा आ जाएगा। बेटी आईटीआई, पॉलिटेक्निक करना चाहती है, एक निश्चित धनराशि उसके अकाउंट में आ जाएगी।

बाल विवाह, बहु विवाह और दहेज जैसी कुप्रथाओं को खत्म किया

योगी ने कहा- सरकार वही जो जनता के द्वार पर जाकर उनकी समस्याओं का रास्ता निकाल सके। सामूहिक विवाह का ये कार्यक्रम बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की अगली कड़ी है। सामाजिक अंधविश्वास जो बाल विवाह, बहु विवाह और दहेज जैसी कुप्रथाओं को प्रोत्साहित करते हैं, ये कार्यक्रम उन सब पर एक प्रहार है। इन्हें खत्म किया है।

बेटी को बचाना है तो उसे पढ़ाना होगा। उसे सशक्त करना होगा। 2017 में जब यूपी में भाजपा सरकार आई तो हम लोगों ने संकल्प लिया कि बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई तक का जिम्मा संभालेंगे। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत आज सरकार ने इन परिवारों को जोड़ा है।

योगी ने 11 जोड़ों को भेंट किया उपहार-शगुन किट

समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में हिंदू, मुस्लिम दोनों धर्म के लोग शामिल रहे। सभी नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए योगी ने उनके सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से 11 जोड़ों को उपहार-शगुन किट भेंट किया।

योगी सरकार ने बजट 51 हजार से बढ़ाकर 1 लाख किया

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार ने अब बजट बढ़ा दिया है। अब तक 51 हजार रुपए का बजट था, लेकिन इसे बढ़ाकर अब 1 लाख कर दिया गया है। बजट बढ़ाए जाने के बाद प्रदेश में ये पहला सामूहिक विवाह कार्यक्रम हुआ है।

पहले 35 हजार, अब खाते में 60 हजार भेज रहे

पहले जहां लड़की के खाते में 35 हजार रुपए भेजे जाते थे, वहीं अब 60 हजार रुपए भेजे जाएंगे। गिफ्ट में खर्च होने वाले 10 हजार रुपए की धनराशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया गया है। पहले जहां टेंट, भोजन और अन्य व्यवस्था में प्रति जोड़ा 6 हजार रुपए खर्च किए जाते थे, वहीं अब 15 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। लड़की को दिए जाने वाले उपहार में गद्दा, चद्दर आदि जोड़े गए हैं।

पहली बार वधू को सिन्होरा दिया जाएगा

दो दिन पहले ही शासनादेश जारी होने के कारण गिफ्ट की सभी वस्तुओं की खरीदारी नहीं हो पाई हैं। इसके चलते पहले से खरीदे गए 10 हजार रुपए के सामान दिए जाएंगे, जबकि 15 हजार रुपए का बाउचर दिया जाएगा। जैसे ही विभाग जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदारी कर लेगा, बाउचर के आधार पर ब्लॉकों में स्टॉल लगाकर गिफ्ट दिए जाएंगे। नए शासनादेश के मुताबिक, पहली बार सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाले गिफ्ट में वधू को सिन्होरा (सिंदूरदान) भी दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है।

ये गिफ्ट दिए गए

वधू के लिए कढ़ाई साड़ी, चुनरी, डेली यूज की साड़ी और वर के लिए कुर्ता पायजामा, पगड़ी, माला दिए गए। मुस्लिम विवाह के लिए वधू को कढ़ाई वाला सूट, चुनरी, सूट का कपड़ा और वधू के लिए कुर्ता, पायजामा आदि दिया गया। आभूषण में चांदी की पायल, बिछिया भी दी गई है। गृहस्थी के समान में कुकर, जग या लोटा, थाली, गिलास, कटोरा और चम्मच, बक्सा सहित प्रसाधन सामग्री से भरी श्रृंगारदान दी। अब इसमें गद्दा, चद्दर और कुछ अन्य सामान जोड़े गए हैं।

गोरखपुर में अब तक 10 हजार बेटियों की हो चुकी शादी

गोरखपुर में योगी सरकार 10287 गरीब बेटियों की शादी करा चुकी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मांगलिक आयोजन मंगलवार को एक बार फिर होने जा रहा है, इसमें 1200 जोड़े शादी के बंधन में बंधेंगे। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Punjab2 hours ago

4 और 5 नवंबर को मोहाली में होंगे एशियन हॉकी चैंपियनशिप के सेमी-फ़ाइनल और फ़ाइनल 

Punjab4 hours ago

अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल और हेरोइन बरामद

Breaking News6 hours ago

गुरुद्वारा बंगला साहिब के रास्ते को लेकर DSGMC का बड़ा फैसला, वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की एंट्री पर रोक

Breaking News8 hours ago

PM मोदी और भाजपा सरकार पंजाब और पंजाबियत का गला घोंटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही, पेरिस से वापसी पर CM भगवंत सिंह मान का अपमान किया गया: बलतेज पन्नू

Breaking News8 hours ago

अमित शाह जवाब दें कि भाजपा अपने कार्यकाल के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में क्यों नाकाम रही, किसानों के साथ किया गया व्यवहार पंजाब को अच्छी तरह याद है- CM भगवंत सिंह मान