Connect with us

Punjab

पंजाब में बड़ी साजिश नाकाम, 4 नाबालिग समेत 9 गिरफ्तार

Published

on

पंजाब पुलिस ने राज्य में संदिग्ध नेटवर्कों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कथित तौर पर आईएसआई समर्थित दो सीमा पार मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार नाबालिगों सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के आतंकवाद विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कथित आईएसआई हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन पर स्थानीय युवाओं की भर्ती करने, सुरक्षा एजेंसियों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने और राज्य में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की साजिश रचने के आरोप हैं।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाए थे। पुलिस के अनुसार, इन कैमरों से जुटाई गई फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों को भेजी जाती थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क का उद्देश्य और किन गतिविधियों को अंजाम देना था।

इस संबंध में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन पुलिस थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पंजाब पुलिस पूरे नेटवर्क, उसके अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों से संबंध, वित्तीय लेन-देन और संभावित अन्य गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement