Connect with us

Breaking News

अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले अमन अरोड़ा ने उठाए सवाल, नशा तस्करी और सीमा सुरक्षा पर मांगा जवाब

Published

on

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने अमित शाह के दौरे को लेकर कई अहम सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी अपने मेहमानों का दिल से स्वागत करते हैं और अमित शाह का भी स्वागत है, लेकिन उन्हें पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

अमन अरोड़ा ने भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने के बावजूद नशे और हथियारों की खेप पंजाब तक कैसे पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की करीब 543 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की अहम भूमिका है। ऐसे में केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

इसके साथ ही अमन अरोड़ा ने गुजरात में नशीले पदार्थों की बड़ी बरामदगियों का जिक्र करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में नशे के मुद्दे पर सवाल उठाए जाते हैं, तो दूसरे राज्यों में सामने आने वाली नशे की समस्या को लेकर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

AAP पंजाब के अध्यक्ष ने साल 2007 से 2017 के बीच राज्य में नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि उस दौरान इन समस्याओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए थे।

अमन अरोड़ा ने कहा कि अगर अमित शाह पंजाब आकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि केंद्रीय गृह मंत्री को पंजाब के लोगों की चिंताओं और सवालों का जवाब भी देना चाहिए। अमित शाह के दौरे से पहले अरोड़ा के इन बयानों ने राज्य में राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement