Connect with us

Punjab

पंजाब की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर! केवल ढिल्लों बने पंजाब BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष

Published

on

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी माहौल अभी से गरमाने लगा है। राज्य की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने में जुट गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने भी बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए पंजाब के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने सुनील जाखड़ की जगह वरिष्ठ नेता और बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पिछले कई दिनों से इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं चल रही थीं और अब पार्टी हाईकमान ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम पर मुहर लगा दी है।

जानकारी के अनुसार मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई महीने में पूरा होने जा रहा है। हालांकि पार्टी ने साफ किया है कि सुनील जाखड़ आगामी 2027 विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति और चुनाव प्रचार में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

75 वर्षीय केवल सिंह ढिल्लों का जन्म बरनाला जिले के टल्लेवाल गांव में हुआ था। वह लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2007 से 2017 तक बरनाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत हेयर से हार का सामना करना पड़ा था।

केवल सिंह ढिल्लों लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे, लेकिन जून 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें पंजाब इकाई का उपाध्यक्ष भी बनाया था। अब पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति के जरिए भाजपा मालवा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। मालवा क्षेत्र पंजाब की राजनीति में बेहद अहम माना जाता है और विधानसभा की बड़ी संख्या इसी इलाके से आती है।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में पंजाब भाजपा आने वाले विधानसभा चुनावों में किस तरह की रणनीति अपनाती है और पार्टी को कितना फायदा मिल पाता है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement