Connect with us

National

BJP को चैलेंज, गुजरात-पंजाब के एक-एक हजार स्कूलों का निरीक्षण करा ले, देखते हैं कौन अच्छा है?- केजरीवाल

Published

on

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों को लेकर झूठा वीडियो प्रचारित कर रही बीजेपी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी अपने गुजरात और पंजाब के एक-एक हजार स्कूलों की लिस्ट निकाले और हम जनता व मीडिया को लेकर इन स्कूलों का निरीक्षण करें। देखते है कि किसका स्कूल बेहतर है। उन्होंने कहा कि सिर्फ साढ़े चार साल में हमने पंजाब के 19700 सरकारी स्कूलों में से 19200 को बहुत अच्छा बना दिया है और 500 स्कूलों में भी काम चल रहा है। भाजपा को भी बताना चाहिए कि उसने 30 साल में क्या काम किया? हमारी सरकार ने टीचर्स, प्रिंसिपल्स, पेरेंट्स और पंजाब की जनता के साथ मिलकर स्कूलों को सुधारा है। इसलिए बीजेपी इन्हें बदनाम न करे

मंगलवार को एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजकल भाजपा वाले पंजाब के स्कूलों को बदनाम करने में लगे हुए हैं। मैं भाजपा को चैलेंज करता हूं कि गुजरात में 30 साल से इनकी सरकार है और पंजाब में 4.5 साल से हमारी सरकार है। मैं पंजाब के 1000 स्कूलों की लिस्ट देता हूं और वे गुजरात के 1000 स्कूलों की लिस्ट दें। हम सब मिलकर पूरे मीडिया के साथ गुजरात और पंजाब के 1000-1000 स्कूलों का इंस्पेक्शन करते हैं और देखते हैं कि कौन से स्कूल अच्छे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब से कॉकरोच जनता पार्टी वालों ने भाजपा शासित राज्यों के स्कूलों का इंस्पेक्शन करना चालू किया है, तब से इनके स्कूलों की बुरी हालत सामने आ रही है। इन्होंने अपने स्कूल तो ठीक नहीं किए, लेकिन पंजाब के स्कूलों को बदनाम करना शुरू कर दिया। हमने मात्र 4.5 साल के अंदर पंजाब के स्कूल बहुत शानदार बना दिए हैं। पंजाब में लगभग 19,700 स्कूल हैं, जिनमें से 19,200 स्कूलों को हमने बहुत अच्छा बना दिया है। बाकी बचे 500 स्कूलों पर भी काम चल रहा है और वे भी अगले डेढ़-दो साल में ठीक हो जाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब सरकारी स्कूलों की शिक्षा में पूरे देश में नंबर वन है। यह बात हम नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की नीति आयोग की रिपोर्ट कह रही है। पंजाब ने केरल को भी पीछे छोड़ दिया है। 2022 में जब हमारी सरकार बनी थी, तब पंजाब 28वें स्थान पर था। आज 4.5 साल में पंजाब सरकारी स्कूलों की शिक्षा में पूरे देश में नंबर वन पोजीशन पर है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग 2018 का एक वीडियो निकालकर चला रहे हैं कि देखो आम आदमी पार्टी का स्कूल कितना खराब है। उस समय स्कूल खराब था क्योंकि तब कांग्रेस की सरकार थी और 2017 तक वहां भाजपा की सरकार थी। इन्होंने उन स्कूलों की ऐसी हालत कर रखी थी, लेकिन हमने उन्हें शानदार बना दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी नीयत साफ है। अभी कुछ दिन पहले अकाली दल के एक समर्थक रतन ढिल्लों ने स्कूलों के बारे में एक ट्वीट किया था। हमारे शिक्षा मंत्री ने उन्हें तुरंत बुलाया और उस स्कूल के लिए ग्रांट जारी कर दी। इसके बाद रतन ढिल्लों ने खुद ट्वीट करके हमारे शिक्षा मंत्री और हमारी सरकार की तारीफ की। हमारी नीयत साफ है और हम स्कूलों को ठीक करना चाहते हैं। लोग हमारी सही गलती निकालें, हम उसे ठीक करेंगे, लेकिन जबरदस्ती पंजाब के लोगों को बदनाम मत करो।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के स्कूल हमने अकेले ठीक नहीं किए हैं। ये स्कूल पंजाब के लोगों, टीचर्स, प्रिंसिपल्स, पैरेंट्स और बच्चों ने मिलकर ठीक किए हैं। इसलिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश मत करो। पुराने वीडियो डालकर, एआई से फर्जी तस्वीरें बनाकर स्कूलों को बदनाम मत करो। बहुत मुश्किल से पंजाब के स्कूलों को ठीक किया गया है। अगर भाजपा वालों में हिम्मत है, तो वे इस चैलेंज को स्वीकार करें। 1000 स्कूल वे बताएं और 1000 स्कूल हम बताते हैं। पूरा देश जॉइंट इंस्पेक्शन देखेगा कि गुजरात की 30 साल की सरकार अच्छी है या पंजाब की 4.5 साल की आम आदमी पार्टी की सरकार अच्छी है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement