Connect with us

Breaking News

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सख्ती, 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

Published

on

नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद करने का ऐलान किया है। यह कदम सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उठाया गया है।

बंद किए गए स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है।

बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाली प्रमुख सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

इसके अलावा, नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। इस दौरान छात्र और युवा संगठनों की ओर से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने का ऐलान किया गया है।

प्रदर्शन के मद्देनजर सेंट्रल दिल्ली में यातायात और आम लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ने की संभावना है। यात्रियों को मेट्रो और सड़कों से जुड़े ताजा अपडेट देखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement